नगर पालिका के विरोध में व्यापारियों का घंटाघर पर चक्का : नगर पालिका के विरोध में व्यापारियों का घंटाघर पर चक्का जाम, अध्यक्ष-सीएमओ का पुतला दहन
Jankranti Express
Thu, Sep 3, 2026
🚨 नगर पालिका के विरोध में व्यापारियों का घंटाघर पर चक्का जाम, अध्यक्ष-सीएमओ का पुतला दहन


गोल मार्केट की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरे व्यापारी, जलभराव से लेकर सफाई और कचरा डंपिंग तक के मुद्दे उठाए
दमोह। शहर के घंटाघर क्षेत्र में नगर पालिका की व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। गोल मार्केट एवं आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों की समस्याओं के विरोध में जिला व्यापारी महासंघ से जुड़े व्यापारियों ने घंटाघर पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर एसडीएम, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद रही। इसके बाद व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ के पुतले का दहन किया।

व्यापारियों का कहना है कि गोल मार्केट क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव, नालियों की सफाई, कचरा डंपिंग और सार्वजनिक शौचालयों की अव्यवस्था जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। व्यापारियों के मुताबिक इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी नगर पालिका में शिकायतें की गईं तथा जिला व्यापारी महासंघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर निराकरण की मांग की थी।
📌 ज्ञापन में कई समस्याओं का उल्लेख
जिला व्यापारी महासंघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में राजा होटल से साइकिल मार्केट, माह चाय वाले से नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान तक तथा कैलाश भंडार से अध्यक्ष की दुकान के पीछे वाली नाली की सफाई कराने और आवश्यक स्थानों से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई।
व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान के नीचे स्थायी रूप से बंद नाले को खुलवाने की मांग भी रखी है।
🌧️ जलभराव से व्यापारियों की परेशानी
व्यापारियों के अनुसार श्रीराम मंदिर के सामने और संपूर्ण गोल मार्केट क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे दुकानदारों के साथ-साथ बाजार में आने वाले आम लोगों को भी परेशानी होती है। व्यापारियों ने जल निकासी के लिए उचित नाली निर्माण अथवा प्रभावी व्यवस्था कराने की मांग की है।
🗑️ कचरा डंपिंग पाइंट हटाने की मांग
टाउन हॉल के पीछे बनाए गए कचरा डंपिंग पाइंट को लेकर भी व्यापारियों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यहां कचरा जमा होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। महासंघ ने डंपिंग पाइंट को स्थायी रूप से बंद करने की मांग की है।
🚻 सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने की मांग
ज्ञापन में टाउन हॉल के सामने स्थित पुरुष एवं महिला प्रसाधन की नियमित सफाई और व्यवस्था सुधारने की मांग की गई है। साथ ही प्रसाधन की निकासी व्यवस्था को उचित नाले से जोड़ने तथा कैलाश भंडार के पीछे स्थित पुरुष प्रसाधन को व्यवस्थित कराने की मांग भी रखी गई है।
⚠️ प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन
घंटाघर पर चक्का जाम और पुतला दहन के दौरान एसडीएम, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन हुआ और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य गोल मार्केट की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना है। अब देखना होगा कि व्यापारियों की मांगों पर नगर पालिका और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन