माइक्रो फाइनेंस कलेक्शन लूट का सनसनीखेज खुलासा: फरियादी ही निकला मास्ट : माइक्रो फाइनेंस कलेक्शन लूट का सनसनीखेज खुलासा: फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड, दो साथियों के साथ रची थी साजिश दमोह। जबलप
Jankranti Express
Tue, Aug 11, 2026
माइक्रो फाइनेंस कलेक्शन लूट का सनसनीखेज खुलासा: फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड, दो साथियों के साथ रची थी साजिश

दमोह। जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी की कलेक्शन राशि लूटने के मामले में दमोह पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस युवक ने खुद लूट की शिकायत दर्ज कराई थी, वही कथित तौर पर पूरी वारदात की साजिश का मुख्य सरगना निकला। पुलिस ने फरियादी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 लाख 5 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को थाना दमोह देहात क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी में माइक्रो फाइनेंस कंपनी की कलेक्शन राशि लूटे जाने की सूचना मिली थी। फरियादी घनश्याम अहिरवार (21) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश उसकी साथी ट्रेनी जूही चंदेल के हाथ से कलेक्शन राशि से भरा बैग जबरन छीनकर फरार हो गए।
मामले में अपराध क्रमांक 549/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि (IPS) के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 50 CCTV कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), अन्य तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को फरियादी घनश्याम अहिरवार की भूमिका संदिग्ध लगी। पुलिस द्वारा उससे गहन पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के मुताबिक उसने अपने दो साथियों संजय सौर (22) और सोहित उर्फ वीरेंद्र रजक (18) के साथ मिलकर लूट की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
लूटी गई रकम में से 1.05 लाख रुपये बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों को लूटी गई राशि में से 1,17,335 रुपये प्राप्त हुए थे। इसमें से करीब 12,335 रुपये खर्च करने के बाद शेष 1,05,000 रुपये आपस में बांट लिए गए थे।
पुलिस का यह भी कहना है कि घटना के अगले दिन घनश्याम ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई और लूटी गई रकम को 1,23,800 रुपये बताया था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 1,05,000 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
1. घनश्याम अहिरवार पिता कोमल अहिरवार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया, थाना सुरखी, जिला सागर, हाल निवासी दमोह।
2. संजय सौर पिता महादेव सौर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया, थाना सुरखी, जिला सागर।
3. सोहित उर्फ वीरेंद्र रजक पिता मनेश रजक, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया, थाना सुरखी, जिला सागर।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय, उनि प्रियंका पटेल, सउनि अभय सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
Tags :
#damoh
विज्ञापन
विज्ञापन