अस्पताल के गेट पर ताला, बरामदे में साड़ी का घेरा बनाकर : अजबधाम स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर उठे सवाल, प्रसव के बाद नवजात की हालत गंभीर होने पर निजी वाहन से बटियागढ़ ले गए पर
Jankranti Express
Fri, Sep 4, 2026
अस्पताल के गेट पर ताला, बरामदे में साड़ी का घेरा बनाकर कराया प्रसव

अजबधाम स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर उठे सवाल, प्रसव के बाद नवजात की हालत गंभीर होने पर निजी वाहन से बटियागढ़ ले गए परिजन
दमोह/बटियागढ़। दमोह जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बटियागढ़ ब्लॉक के अजबधाम उप स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार शाम एक प्रसूता अस्पताल पहुंची, लेकिन मुख्य गेट पर ताला लगा होने के कारण उसे समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल सकी। दर्द से तड़पती प्रसूता को अस्पताल के बाहर बरामदे में ही लेटना पड़ा, जहां साथ आई महिलाओं ने साड़ी का घेरा बनाकर प्रसव कराया।

जानकारी के अनुसार, फुरताल सादपुर निवासी मादेश भील की पत्नी मंजो भील गुरुवार को अजबधाम के हाट बाजार में सामान लेने पहुंची थी। इसी दौरान अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर साथ आई महिलाओं की मदद से उसे अजबधाम स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन वहां मुख्य गेट पर ताला लगा मिला।
अस्पताल में इलाज की सुविधा नहीं मिलने पर प्रसूता को अस्पताल के बाहर बने बरामदे में ही लेटाया गया। इसके बाद स्थानीय महिलाओं ने साड़ी का घेरा बनाकर वहीं प्रसव कराया। प्रसव के बाद नवजात बच्ची ने जन्म लिया, लेकिन परिजनों के मुताबिक बच्ची के शरीर में कोई हरकत नजर नहीं आ रही थी। इससे घबराए परिजन तत्काल निजी वाहन से प्रसूता और नवजात को बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर रवाना हुए।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहें और समय पर अस्पताल खुला मिले तो गर्भवती महिलाओं को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने अजबधाम स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था कराने की मांग की है।
बीएमओ ने बताया—लंबे समय से बंद है डिलेवरी प्वाइंट
मामले में बटियागढ़ बीएमओ डॉ. महेश सिंह से बात की गई। उन्होंने बताया कि अजबधाम में डिलेवरी प्वाइंट लंबे समय से बंद है और वहां वर्तमान में एएनएम तथा सीएचओ पदस्थ नहीं हैं।
इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और प्रसव जैसी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अजबधाम स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था कब तक की जाती है।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन