पदोन्नति पर पुलिस जवानों ने जताया सीएम का आभार, डॉ. मोहन यादव बोले- सर : पदोन्नति पर पुलिस जवानों ने जताया सीएम का आभार, डॉ. मोहन यादव बोले- सरकार आपके परिवार के लिए हर जिम्मेदारी निभाएगी
Jankranti Express
Tue, Aug 11, 2026
पदोन्नति पर पुलिस जवानों ने जताया सीएम का आभार, डॉ. मोहन यादव बोले- सरकार आपके परिवार के लिए हर जिम्मेदारी निभाएगी

भोपाल के रवींद्र भवन में हुआ आभार प्रदर्शन समारोह, सीएम ने नए पुलिसकर्मियों को बांटे नियुक्ति पत्र और पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों को लगाए बैज
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस में लंबे समय से लंबित पदोन्नति और नई भर्तियों को लेकर सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आभार प्रदर्शन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवीन भर्ती में चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए, जबकि पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की खाकी वर्दी प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता के विश्वास, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। पुलिसकर्मी जिस साहस और प्रतिबद्धता के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं, वह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने चंबल अंचल से दस्यु समस्या के खात्मे से लेकर नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि पुलिस अपनी ड्यूटी निभाए, सरकार आपके परिवार के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।
27 हजार 534 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सरकार ने पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में रिकॉर्ड 27 हजार 534 अधिकारी एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया को लागू करने में समय लगने के कारण लगभग 20 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो गए, जिसका उन्हें मलाल है।
उन्होंने बताया कि 30 रक्षित निरीक्षक पदोन्नत होकर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बने हैं। पदोन्नति से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के मनोबल में बढ़ोतरी हुई है।
दो वर्षों में पूरी होगी लंबित भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक विभिन्न संवर्गों में 14 हजार 704 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। पुलिस बैंड और एफएसएल से संबंधित भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
वर्ष 2026 में विभिन्न पदों पर 9 हजार 751 पुलिसकर्मियों की भर्ती के लिए मंजूरी दी गई है। सरकार का प्रयास है कि आगामी दो वर्षों में आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के जिन पदों पर भर्ती लंबित है, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की बात कही।
खंडवा में नई पुलिस बटालियन, तीन औद्योगिक सुरक्षा बटालियन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि खंडवा जिले में नई पुलिस बटालियन की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के रूप में तीन नई बटालियन बनाई जाएंगी।
इन नई बटालियनों में अति पिछड़े वर्गों के साथ बैगा, भारिया और सहरिया समुदायों की कंपनियां शामिल की जाएंगी।
नक्सलवाद के खिलाफ हॉक फोर्स की अहम भूमिका
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस हर चुनौती से निपटने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में हॉक फोर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि हॉक फोर्स में 325 पद और विशेष सहयोगी दस्ते में 882 पदों पर भर्ती की गई है। इन्हीं प्रयासों के चलते मध्यप्रदेश नक्सलवाद से मुक्त होने वाला देश का पहला राज्य बना।
डीजीपी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक नई नियुक्तियां हुई हैं। प्रशिक्षण के बाद यह पुलिस बल सिंहस्थ 2028 की ड्यूटी के लिए भी उपलब्ध रहेगा। सिंहस्थ को प्रदेश का बड़ा आयोजन बताते हुए उन्होंने कहा कि नई भर्तियों से आंतरिक सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को और मजबूती मिलेगी।
पुलिस जवानों ने साझा किए अपने अनुभव
समारोह में पदोन्नत पुलिस अधिकारियों और नवचयनित पुलिसकर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उज्जैन में पदस्थ पदोन्नत डीएसपी दीपिका शिंदे ने कहा कि कई पुलिसकर्मी दो दशक से सेवा दे रहे हैं और पदोन्नति उनके परिवारों के सपनों से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्णय से उनकी सेवा को सम्मान मिला है।
निरीक्षक रीना चौहान ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने से उनके परिवार के तीन सदस्यों को इसका लाभ मिला है। वहीं प्रशिक्षु डीएसपी विनय कुमार डहरवाल ने नक्सल प्रभावित बालाघाट क्षेत्र से अपनी यात्रा और डीएसपी बनने के अनुभव साझा किए।
नवीन भर्ती में चयनित आस्था शर्मा ने कहा कि बचपन से खाकी वर्दी पहनना उनका सपना था। शादी और बच्चों के बाद पुलिस विभाग में चयन उनके लिए गौरव का विषय है।
सिंहस्थ 2028 के लिए भी मजबूत होगा पुलिस बल
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि नई भर्ती और पदोन्नति से पुलिस बल का मनोबल बढ़ा है। साथ ही आने वाले समय में सिंहस्थ 2028, आंतरिक सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए प्रदेश को अतिरिक्त प्रशिक्षित पुलिस बल उपलब्ध होगा।
समारोह में अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला, स्पेशल डीजी सीआईडी पंकज श्रीवास्तव, आईजी एडमिन हरिनारायणचारी मिश्र सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन