आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के मुनि दीक्षा दिवस पर जैन मिलन ने कि : आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के मुनि दीक्षा दिवस पर जैन मिलन ने किया पौधारोपण
Jankranti Express
Mon, Jul 20, 2026
आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के मुनि दीक्षा दिवस पर जैन मिलन ने किया पौधारोपण
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत सनमति सिटी में लगाए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

दमोह। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के पावन मुनि दीक्षा दिवस की स्मृति में जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा दमोह (क्षेत्र क्रमांक-10) द्वारा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत सनमति सिटी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महावीर प्रार्थना के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने माँ एवं पृथ्वी माँ के सम्मान में पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

शाखाध्यक्ष वीर मुकेश जैन 'मम्मा' ने बताया कि जैन मिलन की पौधारोपण श्रृंखला का यह पांचवां आयोजन है। उन्होंने कहा कि संस्था प्रत्येक वर्ष सुरक्षित (कवर्ड) परिसर में पौधारोपण करती है, ताकि लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके और वे भविष्य में पर्यावरण के लिए उपयोगी बनें। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, घटते वन क्षेत्र और जल संकट जैसी चुनौतियों के बीच पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
शाखा मंत्री वीर महेंद्र जैन सोमखेड़ा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग एवं सनमति सिटी परिसर उपलब्ध कराने के लिए वीर राजेश जैन 'सनमति' का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वीर संतोष जैन 'अविनाशी' ने पर्यावरण संरक्षण पर ओजपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत किया। क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतिवीर दिलेश जैन चौधरी ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का संपूर्ण जीवन प्रकृति, संयम और अहिंसा का संदेश देता है। उनके मुनि दीक्षा दिवस पर लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
राष्ट्रीय संयोजक अतिवीर आनंद जैन (वी.एस.एन.एल.) ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान भारतीय संस्कृति, मातृभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम है। ऐसे अभियान आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय मुख्य संयोजक अतिवीर सबन जैन 'सिल्वर', नृपेन्द्र बहादुर, राकेश पुजारी, अवध जैन, मनीष जैन 'विट्स', सुधीर जैन 'डब्ल्यू', सचिंद्र जैन, निर्भय जैन, राजेश 'औशो', अशोक जैन, सौरभ महेंद्रा, सुबोध बजाज, आलोक पलंदी, राकेश जैन पलंदी, राकेश जैन हरदुआ, जवाहर जैन, विकल्प जैन सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर वीर राजेश जैन 'सनमति' द्वारा स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। अंत में अरिहंत स्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने और पर्यावरण संवर्धन को जन-जन का अभियान बनाने का संकल्प लिया।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन