पंचवटी भेड़ाघाट से शुरू हुई 121 किलोमीटर की पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा : जबलपुर। पंचवटी भेड़ाघाट से भगवान शिव की आराधना और आस्था के साथ 121 किलोमीटर लंबी पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा का शुभारंभ
Jankranti Express
Fri, Aug 21, 2026
पंचवटी भेड़ाघाट से शुरू हुई 121 किलोमीटर की पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा


जबलपुर। पंचवटी भेड़ाघाट से भगवान शिव की आराधना और आस्था के साथ 121 किलोमीटर लंबी पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देने वाली इस यात्रा में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी स्वयं कांवड़ लेकर शामिल हुए।
मंत्री श्री लोधी ने कहा कि भगवान शिव की आराधना हमें प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण की प्रेरणा देती है। कांवड़ यात्रा हमारी आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है। इसी भावना के साथ भगवान शिव की भक्ति के साथ-साथ प्रकृति की सेवा और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा मार्ग में होगा वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान
यात्रा के पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वच्छता टीम भी यात्रा के साथ चलेगी। श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने की अपील की जा रही है।
अमेरिका से लौटे IITian सत्येंद्र लोधी भी करेंगे 121 किमी पदयात्रा
कांवड़ यात्रा का विशेष आकर्षण आईआईटीयन सत्येंद्र लोधी की सहभागिता है। जानकारी के अनुसार श्री सत्येंद्र लोधी करीब 15 वर्ष अमेरिका में रहने के बाद भारत लौटे हैं। वे 121 किलोमीटर की पूरी यात्रा पैदल चलकर पूरी करेंगे।
उनकी सहभागिता युवाओं के लिए अपनी जड़ों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ाव तथा सामाजिक सरोकारों का प्रेरणादायी संदेश दे रही है।
पांचवें दिन बांदकपुर में होगा जलाभिषेक
यह कांवड़ यात्रा पंचवटी भेड़ाघाट से ग्राम मजीठा, ग्राम पथरौल, पवई धाम और शहपुरा होते हुए प्रथम दिवस पाटन पहुंचेगी। दूसरे दिन यात्रा तेंदूखेड़ा, तीसरे दिन तेजगढ़ और चौथे दिन घांघरी पहुंचेगी।
पांचवें और अंतिम दिन यात्रा जबलपुर से दमोह जिले के बांदकपुर स्थित प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ धाम पहुंचेगी। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक करने के साथ 121 किलोमीटर लंबी पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा का समापन होगा।
आस्था, सनातन परंपरा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संदेश के साथ शुरू हुई यह यात्रा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन