आईजी इरशाद वली का दमोह के पथरिया और देहात थाने में औचक : आईजी इरशाद वली का औचक निरीक्षण! पथरिया-देहात थाने में सख्त निर्देश अपराध और बीट सिस्टम पर फोकस
Jankranti Express
Fri, Sep 18, 2026
आईजी इरशाद वली का दमोह के पथरिया और देहात थाने में औचक निरीक्षण


अपराध नियंत्रण, बीट प्रणाली और अवैध गतिविधियों पर सख्त निर्देश; शस्त्रागार, मालखाना और अभिलेखों की जांच की
दमोह। सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली (IPS) ने शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को दमोह जिले के थाना पथरिया एवं थाना दमोह देहात का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, संबंधित एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

दोनों थानों में पहुंचने पर आईजी इरशाद वली को विधिवत सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थानों की कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे के कारोबार पर सख्ती
आईजी ने क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रखने को कहा।
उन्होंने बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ आमजन की समस्याओं पर समय पर कार्रवाई हो सके।
शस्त्रागार, मालखाना और रिकॉर्ड की जांच
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थानों के शस्त्रागार, मालखाना और विभिन्न अभिलेखों का जायजा लिया। हथियारों के रखरखाव, मालखाने में जब्त संपत्ति के संरक्षण तथा अपराध एवं महत्वपूर्ण रिकॉर्ड में की जाने वाली प्रविष्टियों की स्थिति की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और पौधरोपण पर जोर
आईजी ने थाना परिसरों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना परिसर में पौधरोपण किया और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार, अपराधियों पर सख्ती
पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले प्रत्येक पीड़ित और फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। वहीं समाजविरोधी एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा विभागीय मर्यादाओं एवं अनुशासन का पालन करने के निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि पुलिस के आचरण और कार्यप्रणाली से ही आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होता है।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन