दमोह: सावन सोमवार से पहले बांदकपुर धाम का कलेक्टर-एसपी ने किया संयुक्त : दमोह: सावन सोमवार से पहले बांदकपुर धाम का कलेक्टर-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था के दिए न
Jankranti Express
Fri, Jul 31, 2026
दमोह: सावन सोमवार से पहले बांदकपुर धाम का कलेक्टर-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था के दिए निर्देश

दमोह, 31 जुलाई 2026। आगामी सावन सोमवार को देव श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) ने शुक्रवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बांदकपुर धाम का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, दर्शन कतार, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर एवं आसपास सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षित और सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने निर्देशित किया कि सावन सोमवार के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।
इस दौरान थाना प्रभारी हिण्डोरिया, चौकी प्रभारी बांदकपुर एवं पुलिस बल को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन और दमोह पुलिस ने बताया कि सावन सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन