मुख्य सड़क के किनारे पर कई दिनों तक खड़ा रहा कचरे से भरा ट्रक, बदबू से : मुख्य सड़क के किनारे पर कई दिनों तक खड़ा रहा कचरे से भरा ट्रक, बदबू से लोग परेशान; शिकायत के बाद हटाया गया
Jankranti Express
Sat, Aug 8, 2026
मुख्य सड़क के किनारे पर कई दिनों तक खड़ा रहा कचरे से भरा ट्रक, बदबू से लोग परेशान; शिकायत के बाद हटाया गया

दमोह। दमोह-छतरपुर हाईवे पर नरसिंहगढ़ सीमेंट फैक्ट्री के स्टाफ गेट और कृष्ण मंदिर के समीप नगर पालिका का कचरा लेकर आया एक ट्रक करीब चार से पांच दिनों तक सड़क किनारे खड़ा रहने से स्थानीय लोगों, राहगीरों, स्कूली बच्चों और फैक्ट्री कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि ट्रक से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण वहां से गुजरना मुश्किल हो गया था।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार ट्रक में नगर पालिका का वेस्टेज कचरा भरा हुआ था। दुर्गंध इतनी अधिक थी कि राहगीरों को नाक बंद कर रास्ता पार करना पड़ता था। प्रतिदिन सुबह इसी मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चे और सीमेंट फैक्ट्री के कर्मचारी भी प्रभावित हो रहे थे।
कृष्ण मंदिर के सामने रहने वाले छोटू पटेल ने बताया कि ट्रक कई दिनों से वहीं खड़ा था, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा था। उन्होंने इसकी सूचना सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन को दी। शिकायत के बाद फैक्ट्री के सुरक्षा कर्मियों ने शुक्रवार रात करीब 9 बजे ट्रक को वहां से हटवा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दमोह-छतरपुर हाईवे पर अक्सर भारी वाहन और कचरा लेकर आने वाले ट्रक सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी पैदा होते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों के लिए मुख्य सड़क से अलग पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
जनहित में अपील:
यदि कचरा या अन्य दुर्गंधयुक्त सामग्री लेकर आने वाले वाहनों को आबादी और मुख्य मार्ग से दूर निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराया जाए, तो आमजन को असुविधा और संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाया जा सकता है।
नोट: यह समाचार स्थानीय नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी और मौके पर सामने आए तथ्यों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Tags :
#damoh
mp
MP
विज्ञापन
विज्ञापन